वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल के सिरमौर में पसरा मातम, छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की हाई वोल्टेज तारों ने छीन ली सांसें

देश की रक्षा के लिए सरहदों पर मुस्तैदी से डटे रहने वाला हिमाचल प्रदेश का एक वीर सपूत अब हमेशा के लिए चिरनिद्रा में लीन हो गया है। सिरमौर जिले में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के लांस नायक की अपने ही खेतों में काम करते समय एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जवान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया था। इस अचानक हुई मौत से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक जवान की पहचान सिरमौर जिले के गांव टोका नगला निवासी लांस नायक (गनर) मुकेश कुमार पुत्र उजागर सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मुकेश हाल ही में 30 दिन की छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। वीरवार को लांस नायक मुकेश कुमार अपने खेत में ट्रैक्टर के साथ कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान वे खेत के ठीक ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारों के संपर्क में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि जवान मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया।

जब लोगों ने जवान को खेत में गिरा हुआ देखा तो तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय लोग और परिजन घायल जवान को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

लांस नायक मुकेश कुमार भारतीय सेना की 15 फील्ड आर्टिलरी रैजीमैंट का हिस्सा थे और वर्तमान में उनकी तैनाती देहरादून में थी। देश सेवा का जज्बा इस परिवार में कूट-कूट कर भरा है। मुकेश कुमार अभी अविवाहित थे और उनका एक भाई भी वर्तमान में भारतीय सेना में ही अपनी सेवाएं दे रहा है। छुट्टी के दौरान घर के कामों में हाथ बंटाने वाले इस होनहार और युवा बेटे की अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जैसे ही जवान के निधन की मनहूस खबर गांव में पहुंची तो टोका नगला सहित आसपास के पूरे इलाके में मातम पसर गया। जो जवान चंद दिन पहले हंसता-मुस्कुराता छुट्टी पर घर आया था, उसकी मौत की खबर से हर ग्रामीण की आंखें नम हैं। शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने और सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।

इस दुखद घटना के बाद जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी भी हरकत में आ गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घटना की विस्तृत सूचना सेना के मुख्यालय और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। वर्तमान में जवान के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार सभी कागजी और चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शुक्रवार को लांस नायक मुकेश कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!