जिस खाकी पर आम जनता की सुरक्षा का जिम्मा है, अगर उसी पर दिनदहाड़े हमला हो जाए, तो कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना लाजमी है। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक बेहद विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे कार चालक ने न सिर्फ ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी को सरेआम पीटा, बल्कि उसकी वर्दी तक फाड़ दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक धौलाकुआं स्थित छठी भारतीय आरक्षित वाहिनी (IRB) में तैनात कांस्टेबल राजेश छिंटा की ड्यूटी तारूवाला क्षेत्र में थी। वह भोजन के बाद अपनी स्कूटी से वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास एक कार चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। जब कांस्टेबल राजेश ने उसे गाड़ी सही से और सुरक्षित चलाने की नसीहत दी, तो कार चालक भड़क गया। मामूली-सी कहासुनी देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई और कार चालक ने पुलिसकर्मी पर सीधा हमला बोल दिया।
आरोपी के सिर पर मानो खून सवार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने सबसे पहले पुलिसकर्मी को धक्का देकर स्कूटी से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उनके साथ सरेआम मारपीट शुरू कर दी और थप्पड़-मुक्के मारे। गुंडागर्दी की हद पार करते हुए आरोपी ने पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर खींची और उसके बटन तोड़ दिए। कांस्टेबल राजेश की ओर से दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी ने उनकी स्कूटी की चाबी छीनने की कोशिश की और उनका एक बैग भी ले लिया, जिसमें उनके निजी सामान के साथ-साथ एक सोने की चेन भी रखी हुई थी। इस पूरे हंगामे के चलते सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो में पुलिसकर्मी के साथ सरेआम हाथापाई होते देख लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले ने जैसे ही तूल पकड़ा, पुलिस महकमा हरकत में आ गया। वायरल वीडियो और जांच के आधार पर पुलिस ने चंद घंटों में ही आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान फरमान खान (उर्फ इरफान) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। वह वर्तमान में पांवटा साहिब के गोंदपुर स्थित तिरुपति फार्मा कंपनी में बतौर सिक्योरिटी ठेकेदार/अधिकारी काम करता है।
पुलिस ने आरोपी फरमान खान के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार करने और मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। घटना पर संज्ञान लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त संदेश दिया है। उनका कहना है कि ड्यूटी पर तैनात वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है; लोग अब यह सवाल पूछ रहे हैं कि जब वर्दी में तैनात पुलिसवाला ही महफूज नहीं है, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे? फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।







