वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मंडी: एक्सीडैंट ने बिगाड़ा नशा तस्करों का खेल, चिट्टे और अफीम की खेप के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में ग्रामीणों की सूझबूझ और सतर्कता ने नशे के एक बड़े नैटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने भारी मात्रा में चिट्टा और अफीम बरामद कर युवक-युवती को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना थाना बल्ह क्षेत्र की है। एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत इंसानियत के नाते मदद के लिए मौके पर दौड़े। लोग राहत कार्य में जुटे ही थे कि उनकी नजर वाहन चालक और उसके साथ बैठी युवती पर पड़ी। दोनों की हालत और गतिविधियां बिल्कुल भी सामान्य नहीं थीं। प्रत्यक्षदर्शियों को उनके हाव-भाव देखकर साफ लगा कि वे भारी नशे में हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को गाड़ी के अंदर कुछ संदिग्ध सामान होने का भी शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने बिना कोई लापरवाही बरते सीधे बल्ह पुलिस को अलर्ट कर दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए जब दुर्घटनाग्रस्त वाहन की बारीकी से तलाशी ली, तो वाहन के अंदर से 57.79 ग्राम चिट्टा और 3.81 ग्राम अफीम बरामद हुई। सिर्फ इतना ही नहीं, पुलिस को गाड़ी से नशा करने में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य उपकरण/सामग्री भी मिली। इसके बाद पुलिस ने सारा सामान जब्त कर लिया।

पुलिस ने मौके पर ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान यशपाल निवासी तहसील बल्ह व जिला मंडी और शबनम निवासी धर्मपुर व जिला मंडी के तौर पर हुई है। चिट्टे की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस अब इस एंगल से काम कर रही है कि कहीं इन दोनों का तार किसी बड़े नशा तस्करी नैटवर्क से तो नहीं जुड़ा है। यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था, इसकी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

मामले की जानकारी देते हुए मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बल्ह थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और नशे की सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखते ही तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशे के जाल से बचाया जा सके। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!