वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: एक पल में बिखरा हंसता-खेलता परिवार, कार दुर्घटना में मां और 11 महीने के बेटे की गई जान

हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति में एक भयानक सड़क हादसा पेश आया है, जिसने एक परिवार को जिंदगी भर का ऐसा घाव दे दिया है, जो कभी नहीं भरेगा। जानकारी के अनुसार सड़क किनारे पार्क की गई कार अचानक पीछे की तरफ लुढ़की और गहरी खाई में जा गिरी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 26 महिला और उसके 11 महीने के मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले दीपक कुमार सिंह अपने परिवार के साथ सुकून के कुछ पल बिताने हिमाचल आए थे। सफर के दौरान ग्राम्फू के पास दीपक ने अपनी कार (MH 14LP-9048) को सड़क किनारे पार्क किया और नीचे उतर गए, जबकि उनकी 26 वर्षीय पत्नी तनु कुमारी, 11 माह का बेटा दक्ष कुमार सिंह और एक अन्य महिला सविता देवी (52) पत्नी मनोज सिंह निवासी बिहार कार में ही बैठे रहे। तभी अचानक कार पीछे की ओर लुढ़कने लगी और पलक झपकते ही गहरी खाई में जा समाई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटे और अन्य महिला को रैस्क्यू कर सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया गया, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। वहां मौजूद मेडिकल ऑफिसर ने जांच के बाद मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया। वहीं सविता देवी का मनाली के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने इस दुखद मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था और कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। इस हादसे ने पुलिस और लोगों के जहन में एक बड़ा सवाल छोड़ दिया है सड़क किनारे खड़ी गाड़ी अचानक पीछे की तरफ कैसे लुढ़क गई? क्या गाड़ी में हैंडब्रेक नहीं लगा था? या कोई और तकनीकी खराबी थी? पुलिस इस हादसे के सटीक कारणों पता लगाने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!