हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने शिमला से लेकर पड़ोसी जिले कुल्लू तक कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। रामपुर की उपतहसील तकलेच के तहत उरमण नामक स्थान पर एक बोलेरो पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा तकलेच के उरमण नामक स्थान पर पेश आया। हादसा इतना अचानक और भयानक था कि गाड़ी में सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने या बचने का जरा भी मौका नहीं मिला। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। रामपुर के उपमंडलाधिकारी ने इस हादसे और इसमें 6 लोगों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। वहीं पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगामी कार्रवाई में अमल में लाई जा रही है।
इस दुर्घटना ने सबसे गहरा घाव उन परिवारों को दिया है, जिनके युवा बेटे इस हादसे की भेंट चढ़ गए। मरने वालों में 4 लोग शिमला के काशापाट-छलटा इलाके के रहने वाले थे। इनमें से तीन की उम्र 23 से 32 वर्ष के बीच थी, जबकि कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र की रहने वाली एक मां और उसका बेटा भी इस अभागे वाहन में सफर कर रहे थे, जिनकी एक साथ मौत हो गई। एक साथ 6 लोगों की मौत से रामपुर और आनी (कुल्लू) क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में मारे गए 6 लोगों की पहचान
1- आशा कुमारी (आयु 40 वर्ष, पत्नी सत्य प्रकाश) निवासी गांव कुवानु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी (जिला कुल्लू)
2- युगल ( आयु 12 वर्ष , पुत्र सत्य प्रकाश) निवासी गांव कुवानु, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी (जिला कुल्लू)
3- अभिषेक सानी ( आयु 23 वर्ष, पुत्र नरसिंह सानी निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर (जिला शिमला)।
4- नितिन (आयु 23 वर्ष, पुत्र मैन सिंह जैन) निवासी गांव छलटा, तहसील रामपुर (जिला शिमला)।
5- अशोक जैन (आयु 32 वर्ष, पुत्र ध्यान जैन) निवासी गांव छलटा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर (जिला शिमला)।
6- लायक राम (आयु 56 वर्ष, पुत्र मागु राम) निवासी गांव पाठ, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर (जिला शिमला)।
नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…








