दौलत और प्रॉपर्टी की लालच इंसान को कितना अंधा कर सकती है, इसका खौफनाक उदाहरण शिमला में देखने को मिला है। शहर के बहुचर्चित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की मालकिन मनीषा मित्तल हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस खुलासे ने हर किसी को सुन्न कर दिया है क्योंकि बहन की मौत का फरमान किसी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई हिमांक मित्तल ने ही जारी किया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या को अंजाम देने के लिए भाई ने तकनीक का बेहद शातिराना इस्तेमाल किया और CCTV के जरिए अपनी बहन की मौत की स्क्रिप्ट लिखी।
शिमला की एएसपी मेहर पंवर ने इस खौफनाक साजिश से पर्दा उठाते हुए बताया कि संपत्ति विवाद के चलते हिमांक ने अपनी बहन मनीषा को रास्ते से हटाने की साजिश रची। हिमांक के पास स्कूल के CCTV कैमरों का एक्सेस था। इसी एक्सेस का फायदा उठाकर वह अपनी बहन की पल-पल की हरकतों और आवाजाही पर नज़र रख रहा था। उसने यह लाइव लोकेशन एक्सेस अपने पार्टनर और दोस्त गोविंद के जरिए भाड़े के शूटर्स तक पहुंचाया। इसी सटीक जानकारी के आधार पर शूटर्स ने मनीषा को स्कूल के गेट पर ही मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि हिमांक ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपने पार्टनर गोविंद को 8 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे। गोविंद ने अपने जानकार दो शूटर्स आशीष अहलावत और दीपक को हायर किया। शूटर्स को एडवांस के तौर पर 70 हजार रुपए और वारदात में इस्तेमाल के लिए किराए की कार मुहैया कराई गई। खुद को बचाने के लिए गोविंद ने बेहद शातिर चाल चली और मर्डर से ठीक दो दिन पहले वह विदेश भाग गया। विदेश से लौटने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया और अंडरग्राऊंड हो गया।
पुलिस की गिरफ्त से ये अपराधी ज्यादा दिन नहीं बच सके। सबसे पहले पुलिस ने हरियाणा के रोहतक (गांव सुनारियां खुर्द) और झज्जर (गांव दुजाना) से दोनों शूटर्स आशीष और दीपक को दबोचा। जब पुलिस ने उन्हें 10 दिन के रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा कच्चा चिट्ठा खोल दिया और बताया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि मृतका का भाई हिमांक और उसका दोस्त गोविंद है।
शूटर्स के खुलासे के बाद शिमला पुलिस ने हरियाणा के रोहतक में दबिश दी और गोविंद व मास्टरमाइंड भाई हिमांक मित्तल को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि गोविंद को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर शिमला ले आई है। वहीं, मुख्य आरोपी हिमांक मित्तल की तबीयत खराब होने के कारण वह फिलहाल रोहतक में ही पुलिस की निगरानी में है। हालत में सुधार होते ही उसे भी जल्द शिमला लाया जाएगा।








