वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: किराये के कमरे में संदिग्ध हालत में मृत मिली घर की बड़ी बेटी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 11वीं कक्षा की एक होनहार छात्रा की उसके ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना ने एक तरफ परिवार के अरमानों को चकनाचूर कर दिया है, तो वहीं पूरे इलाके और स्कूल प्रबंधन को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मृतक छात्रा मूल रूप से शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र की रहने वाली थी, जोकि पढ़ाई के चलते कुछ समय से राजगढ़ में अपनी मां और 2 छोटी बहनों के साथ किराये के मकान में रह रही थी और पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रही थी। जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त छात्रा कमरे में अकेली थी और उसकी मां एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गई हुई थीं। जब मां वापस लौटी, तो उसने अपनी बड़ी बेटी को संदिग्ध हालत में मृत पाया। इसके तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य और तथ्य जुटाए हैं। वहीं छात्रा की मौत की खबर उसके स्कूल पहुंची तो शिक्षक और सहपाठी सन्न रह गए। स्कूल प्रबंधन के अनुसार 11वीं की यह छात्रा न केवल पढ़ाई में बहुत अच्छी थी, बल्कि उसका स्वभाव बेहद शांत और अनुशासित था। वह स्कूल की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी। शिक्षकों के लिए यह यकीन कर पाना मुश्किल है कि एक प्रतिभाशाली और विनम्र छात्रा अब इस दुनिया में नहीं रही।

आखिर बंद कमरे में एक होनहार छात्रा के साथ क्या हुआ, यह एक बड़ा सवाल बन गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए किसी भी नतीजे पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। मौत के असली कारणों से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उठ सकेगा। फिलहाल, पुलिस घटना के हर संभावित एंगल की गहनता से जांच कर रही है और परिवार सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!