वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर से टकराई कार…नवविवाहित दंपति समेत 3 लोगों की गई जान, ऊना में मची चीख-पुकार

चंडीगढ़ से शादी का जश्न मनाकर लौट रहे ऊना के दो परिवारों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। मंगलवार को खरड़ के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर एक झटके में हंसी-खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। एक कंटेनर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार सीधे उसमें जा घुसी, जिससे कार में सवार ऊना के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 65 वर्षीय एडवोकेट सुरेश ऐरी निवासी देहलां गांव, करोबारी 28 वर्षीय प्रत्युष जैन और उनकी 26 वर्षीय पत्नी हर्षिता निवासी गांव मैहतपुर के रूप में हुई है। ये सभी हरियाणा के जींद से लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग ये सभी हरियाणा के जींद में शादी समारोह में शिरकत करने के बाद ऊना लौट रहे थे। मंगलवार को जब उनकी कार खरड़ के पास भारतमाला एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा के करीब पहुंची, तभी आगे चल रहे एक बड़े कंटेनर के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दी। कार की रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे कंटेनर के पीछे जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसा इतना भीषण था कि अंदर सवार तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बता दें कि प्रत्युष जैन और हर्षिता की शादी इसी साल 7 मार्च को हुई थी।

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घड़ूंआ थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी कार से तीनों शवों को निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ पाएगी। उधर, एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर जैसे ही ऊना पहुंची, पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के तमाम राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!