वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

सिरमौर: 300 फुट गहरी खाई में गिरी कार, आंखों के सामने पति और नंदोई ने तोड़ा दम, महिला गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में मंगलवार को एक सड़क हादसा सामने आया है। पच्छाद उपमंडल के तहत डिगरी-सरजेट गांव में तेज बारिश के चलते एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार तीन लोग मढ़ीघाट से अपने गांव डिगरी-सरजेट लौट रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण वाहन अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में डिगरी-सरजेट निवासी तपेंद्र सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी प्रभा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, कार चला रहे तपेंद्र सिंह के जीजा बलवंत सिंह निवासी मरयोग को बेहद नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। वहीं, तहसीलदार पच्छाद प्रवीण कुमार चौहान ने दोनों मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से मृतक तपेंद्र सिंह के पिता को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है, जबकि घायल प्रभा देवी के उपचार के लिए 5 हजार रुपए जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे मृतक बलवंत सिंह के परिजनों को भी नियमानुसार राहत राशि देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस हादसे के दौरान आपातकालीन सेवाओं की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस चालक ने घटनास्थल तक आने से साफ मना कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों को मजबूरन अपने निजी वाहनों से घायलों को सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंच जाती और घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो शायद जान बचाई जा सकती थी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!