हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के तहत रोहड़ू से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। हमेशा साथ रहने वाले दो होनहार जिगरी दोस्त पब्बर नदी के तेज बहाव में लापता हो गए हैं। राजकीय बाल विद्यालय के 12वीं के छात्र 16 वर्षीय शिवेन (करासा) और सक्षम (बनोटी) के लापता होने से पूरे रोहड़ू क्षेत्र में शोक और चिंता की लहर दौड़ गई है। घटनास्थल पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम जब घर के चिराग वापस नहीं लौटे, तो अनहोनी की आशंका से परिवारों की धड़कनें तेज हो गईं। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद जब दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने आधी रात को पुलिस थाने का दरवाजा खटखटाया। पुलिस जब टॉर्च की रोशनी में पब्बर नदी के किनारे पहुंची तो दोनों बच्चों के उतारे हुए कपड़े और जूते मिले, तो परिवारों पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रात के अंधेरे और नदी के तेज बहाव के बावजूद प्रशासन ने रातभर तलाश जारी रखी लेकिन सफलता नहीं मिली। मामले का पता चलते ही बुधवार सुबह ग्रामीणों की भारी भीड़ नदी के किनारे जमा हो गई। हर कोई अपने स्तर पर इन दोनों बच्चों की सलामती की दुआ कर रहा है। एसडीएम धर्मेश रामोत्रा के नेतृत्व में गोताखोर और एनडीआरएफ की टीमें पानी की गहराई नाप रही हैं, लेकिन अभी तक दोनों होनहारों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।








