हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के अंतर्गत रोहड़ू के बखिरना पुल के पास पब्बर नदी के किनारे का सन्नाटा बुधवार को उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब लहरों के बीच से 16 वर्षीय शिवेन और सक्षम के शव बाहर निकाले गए। जिन आंखों में मंगलवार तक अपने बच्चों के जिंदा लौटने की आस थी, वो बेटों का शव देखकर पथरा गईं।
जानकारी के मुताबिक करासा का रहने वाला शिवेन और बनोटी का रहने वाला सक्षम मंगलवार को बखिरना पुल और पार्क के समीप पब्बर नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान दोनों अचानक डूब गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों ने रैस्क्यू शुरू किया, लेकिन मंगलवार शाम तक उनका कोई अता-पता नहीं चला था।
बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑप्रेशन फिर से शुरू किया गया। इसी बीच करासा के ही रहने वाले एक अनुभवी स्थानीय गोताखोर मंगतराम डोगरा ने कड़ी मशक्कत के बाद उसी जगह के आसपास से शिवेन का शव खोज निकाला, जहां दोनों दोस्त नहाने उतरे थे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी तलाशी अभियान में तेजी लाई और थोड़ी देर के बाद सक्षम का शव भी बरामद कर लिया। रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने नदी में डूबे दोनों छात्रों के शव मिलने और सर्च ऑप्रेशन को बंद करने की पुष्टि की है।








