हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पांवटा साहिब थाना क्षेत्र के तहत गोविंदघाट बैरियर के समीप यमुना पुल पर एक तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। मरने वालों में एक युवक हिमाचल और 2 उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्रेटा कार देर रात पांवटा साहिब की ओर से आ रही थी। यमुना पुल पर पहुंचते ही कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना खौफनाक था कि क्रेटा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक कर लोहे के कबाड़ में तब्दील हो गया।
देर रात जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार के अंदर बुरी तरह फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त कर ली है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सिरमौर जिले के शिलाई निवासी 32 वर्षीय तरसेम सिंह पुत्र अतर सिंह, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी) निवासी 37 वर्षीय अमित कुमार पुत्र महाकर सिंह और ग्रेटर नोएडा के नगला हुकम सिंह निवासी सोनू पुत्र वेदपाल सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने इस हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गोविंदघाट बैरियर के पास यमुना पुल पर यह दुर्घटना हुई है, जिसमें तीन लोगों की जान गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।








