हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने पालमपुर के एक होटल में दबिश देकर नशे के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। मामले में हरियाणा के एक सप्लायर और मंडी की एक युवती समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हरियाणा नंबर की एक होंडा अमेज कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बीती देर रात सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि पालमपुर के लोहना स्थित पीसीसीएन चौक के पास एक होटल में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं और वहां नशे का अवैध लेन-देन चल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तुरंत होटल के एक कमरे में अचानक छापा मारा। रेड के दौरान कमरे में चार युवक और एक युवती मौजूद मिले। जब पुलिस ने सख्ती से तलाशी ली, तो उनमें से एक युवक के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
नशा बरामद होने के बाद पुलिस ने कमरे में मौजूद सभी पांचों लोगों को हिरासत में ले लिया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दपिंदर सिंह (32) निवासी सिरसा (हरियाणा), आदित्य पठानिया (24), कबीर (23) और प्रांशुल कपूर (24) (तीनों निवासी पालमपुर क्षेत्र) तथा ममता (27) निवासी जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बरामद किया गया चिट्टा सिरसा के रहने वाले मुख्य आरोपी दपिंदर सिंह के पास से मिला है।
कांगड़ा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौके से आरोपियों की होंडा अमेज कार (HR 40G-8849) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि चिट्टे की सप्लाई के मुख्य स्रोत का पता लगाया जा सके। पुलिस विशेष रूप से इस एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है कि कहीं ये आरोपी हिमाचल में सक्रिय किसी बड़े अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं।








