गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके हताश परिजनों की भावनात्मक कमजोरी का फायदा उठाने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में चार शातिर ठगों ने किडनी की बीमारी को तंत्र-मंत्र से ठीक करने का झांसा देकर एक दंपति से सोने के गहने ठग लिए।
जानकारी के अनुसार अंब क्षेत्र के दिलवां गांव के रहने वाले बलवीर चौधरी पिछले कुछ समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इसी बात की भनक पाकर चार अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे। इन शातिरों ने खुद को चमत्कारी विद्या का जानकार बताते हुए बलवीर की पत्नी को यह विश्वास दिलाया कि वे बिना किसी दवा के उनके पति की किडनी की बीमारी को पूरी तरह ठीक कर सकते हैं।
ठगों ने बड़ी ही चालाकी से महिला को अपने विश्वास में लिया। उन्होंने इलाज के नाम पर घर में ही फूंक मारने और कुछ तंत्र-मंत्र करने का नाटक शुरू किया। इसके बाद शातिरों ने अपना असली खेल खेला। उन्होंने महिला से कहा कि उनके शरीर पर पहने हुए सोने के गहने इलाज में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
पति के गिरते स्वास्थ्य से चिंतित और ठगों के झांसे में आ चुकी महिला ने बिना कुछ सोचे अपनी सोने की बालियां और गले में पहनी सिंगी उतारकर उन्हें सौंप दी। शातिरों ने गहनों को एक रुमाल में बांधने का नाटक किया और रुमाल महिला को थमाते हुए सख्त हिदायत दी कि इसे शाम 6 बजे से पहले मत खोलना, अन्यथा इलाज का असर खत्म हो जाएगा।
रुमाल सौंपने के बाद चारों शातिर वहां से रफूचक्कर हो गए। ठगों के जाने के कुछ देर बाद जब महिला को शक हुआ तो उसने समय से पहले ही रुमाल खोलकर देखा। रुमाल के अंदर कोई गहना नहीं था। हाथ की सफाई दिखाते हुए ठगों ने गहने पहले ही गायब कर दिए थे। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








