हिमाचल प्रदेश पुलिस ने ड्यूटी की वेदी पर अपना एक कर्मठ और जांबाज अधिकारी खो दिया है। ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी के पास भरवाईं चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे सब-इंस्पेक्टर (एसआई) राजेश कुमार धीमान की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की कोशिश में उन्होंने अपनी जान गंवा दी। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे और इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
तथ्यों के अनुसार, शनिवार रात भरवाईं चौक पर वाहनों की आवाजाही के कारण ट्रैफिक जाम लग गया था। एसआई राजेश कुमार धीमान मौके पर मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाते हुए यातायात सुचारू करवा रहे थे। इसी दौरान एक संकरे मोड़ पर दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। ट्रैफिक क्लीयर करवा रहे एसआई धीमान दुर्भाग्यवश इन दोनों बसों की चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया लेकिन दौरान इस जांबाज अधिकारी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के सटीक कारणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब एसआई धीमान की पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए भरवाईं थाना लाया गया, तो वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, डीएसपी अंब अनिल पटियाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, पुलिस स्टाफ और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विधायक बबलू ने भी मौके पर पहुंचकर शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें इस असहनीय दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
रविवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत एसआई राजेश कुमार के पैतृक गांव अमलेला में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अमलेला के श्मशानघाट पर जब पुलिस की टुकड़ी ने अपने साथी अधिकारी को अंतिम सलामी दी, तो वहां मौजूद सैंकड़ों ग्रामीणों की आंखें आंसुओं से भीग गईं।
कर्तव्य पथ पर जान गंवाने वाले एसआई राजेश कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार और पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। पुलिस प्रशासन ने भी माना है कि एसआई राजेश कुमार का यह बलिदान विभाग हमेशा याद रखेगा।








