वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: शिमला पुलिस के हत्थे चढ़ी ‘चिट्टे’ वाली मैडम, किराये के कमरे से चला रही थी कारोबार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस के जीरो टॉलरेंस अभियान में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मादक पदार्थों की तस्करी में अब महिलाओं की सक्रिय भूमिका सामने आ रही है। शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने एक सटीक कार्रवाई को अंजाम देते हुए लोअर चक्कर इलाके से एक 28 वर्षीय महिला को 56 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार स्पेशल सेल को पिछले कुछ समय से अपने खुफिया नेटवर्क से इनपुट मिल रहा था कि लोअर चक्कर क्षेत्र में नशे की खेप पहुंचाई गई है और यहां से सप्लाई चेन चलाई जा रही है। सूचना को पुख्ता करने के बाद पुलिस टीम ने एक रिहायशी इमारत में अचानक दबिश दी। कमरे की बारीकी से तलाशी लेने पर वहां छिपाकर रखा गया 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी कीमत ब्लैक मार्केट में लाखों रुपए आंकी जाती है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार की गई आरोपी महिला मूल रूप से बिलासपुर जिले की रहने वाली है। वह लोअर चक्कर में कमरा किराये पर लेकर रह रही थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कमरे का इस्तेमाल ड्रग्स को स्टोर करने और राजधानी के युवाओं तक इसकी पुड़िया पहुंचाने के लिए सेफ हाऊस के रूप में किया जा रहा था।

पुलिस ने मादक पदार्थ को तुरंत सीज करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला के खिलाफ संबंधित थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस का मुख्य फोकस अब इस काले कारोबार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने पर है। पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि चिट्टे की इतनी बड़ी खेप उस तक किस किंगपिन ने पहुंचाई थी और शिमला शहर में उसके ग्राहक कौन-कौन थे। इस मामले में जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!